इस साल गणतंत्र दिवस समारोह में ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो (63) मुख्य अतिथि हैं। बोल्सोनारो 1 जनवरी 2019 को राष्ट्रपति पद पर काबिज हुए थे। उन्होंने 16 साल की लेफ्ट की सत्ता (लुइज इनासियो द सिल्वा और दिल्मा रूसेफ का दौर) को खत्म किया। बोल्सोनारो विकासशील देशों की जरूरतें पूरी करने के पक्षधर रहे हैं। पिछले साल ही उन्होंने भारत-चीन के पर्यटकों और व्यापारियों को वीजामुक्त करने की बात कही थी।
3 दशक तक कांग्रेस के सदस्य रहे बोल्सोनारो आर्मी के पूर्व कैप्टन हैं। बतौर राष्ट्रपति उनकी यह पहली भारत यात्रा है। इससे पहले 1996 में फर्नांडो हेनरिक कार्डोसो और 2004 में लुइज इनासियो लूला द सिल्वा गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि रहे थे। हालांकि, भ्रष्टाचार के मामलों में दोषी करार दिए गए लूला 12 साल की जेल की सजा काट रहे हैं।
भारत और ब्राजील दोनों दुनिया की उभरती हुई अर्थव्यवस्थाएं हैं। दोनों देशों को बीते सालों में मंदी का सामना करना पड़ा। दोनों ही ब्रिक्स, आईबीएसए, जी-20 और जी-4 के सदस्य हैं। ब्राजील, भारत के लिए तेल का बड़ा आयातक रहा है। 2018-19 में भारत ने ब्राजील से 1.6 बिलियन डॉलर (करीब 11 हजार करोड़ रु) का कच्चा तेल आयात किया। 2016-17 में 1.33 अरब डॉलर (करीब 9 हजार करोड़ रु) का कच्चा तेल आयात किया गया। 2014-15 में यह आयात 2.51 अरब डॉलर (करीब 17 हजार करोड़ रु) का था, जो 2015-16 में घटकर 1.24 अरब डॉलर (करीब 8.8 हजार करोड़ रु) रह गया।
दोनों देशों के व्यापारिक रिश्ते की बात करें तो 2018-19 में दोनों के बीच 8.2 अरब डॉलर (करीब 58 हजार करोड़ रु) का व्यापार हुआ। इसमें भारत ने 3.8 अरब डॉलर का निर्यात और 4.4 अरब डॉलर का आयात किया।